बस्ती में बाराह क्षेत्र में कुआनो नदी में कलश विसर्जित करने गए दो युवक डूबे, तलाश जारी
सनशाइन समय बस्ती से आलोक की रिपोर्ट
बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में कुआनो नदी में दो युवक डूब गए। उनके साथ चार महिलाएं भी डूबने लगीं, जिससे मौके पर हड़कंप मंच गया है। उनकी चीख-पुकार सुन वहां मौजूद लोगों ने किसी तरीके से महिलाओं को तो नदी से बाहर सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन दोनों युवकों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मौके पर वाल्टरगंज पुलिस पहुंच गई है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश की जा रही है।
थाना क्षेत्र के बिलौड़ी गांव के कई लोग शुक्रवार को कृष्ण जन्माष्टमी पर स्थापित कलश को कुआनो नदी में विसर्जित करने गए थे। बाराह क्षेत्र के पास नदी में कलश विसर्जित करने के दौरान दो युवक और चार महिलाएं अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इससे वहां चीख पुकार मच गया। मौजूद लोगों ने किसी तरीके से डूब रही चार महिलाओं को बचा लिया। लेकिन दोनों युवक लापता हो गए। काफी देर तक तलाश किए जाने के बाद भी उनकी जानकारी नहीं मिल पाई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस डूबे युवकों की तलाश कर रही है। इसमें स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है।