नकली समान बेचना दुकानदार को पड़ा महंगा दर्ज हुआ FIR

नकली समान बेचना दुकानदार को पड़ा महंगा दर्ज हुआ FIR
ब्यूरो रिपोर्ट सनशाइन समय बस्ती
बस्ती जनपद के महसो बाजार में नकली इलेक्ट्रिक सामान बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर ग्राहकों को कथित रूप से नकली उत्पाद बेचने के आरोप में श्याम ट्रेडर्स के संचालक महेश गुप्ता के खिलाफ लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। कार्रवाई के बाद बाजार में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कंपनी के मैनेजर सुनील कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि श्याम ट्रेडर्स पर लंबे समय से नकली पैनासोनिक के एंकर ब्रांड के इलेक्ट्रिक उत्पादों की बिक्री की जा रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों और सूचनाओं के आधार पर जांच की गई, जिसमें कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद मिलने की बात सामने आई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी दुकानदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 349 तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बरामद सामान की सत्यता व गुणवत्ता की भी जांच कराई जा रही है।
कंपनी मैनेजर सुनील कुमार का कहना है कि बाजार में नकली सामान बेचने वाले न सिर्फ कंपनी की साख खराब कर रहे हैं, बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि असली ब्रांड के नाम पर नकली माल बेचने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नकली इलेक्ट्रिक सामान से हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य दुकानों की भी निगरानी की जा रही है।



